कोरोना वायरस महामारी की वजह से टोक्यो ओलंपिक 2020 के बाद ऑस्ट्रेलिया में होने वाला ICC T20 विश्व कप भी स्थगित हो गया है। साल का यह दूसरा सबसे बड़ा खेल आयोजन है, जो कोरोना वायरस की भेंट चढ़ा है। इससे पहले एशिया कप भी कैंसिल कर दिया गया है, जिसके होने की उम्मीद अगले साल जताई जा रही है। उधर, टी20 विश्व कप पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की अहम बैठक में सोमवार को यह फैसला लिया गया।
टी20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में 18 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच खेला जाना था। इसी के साथ इस वर्ष आईपीएल के आयोजन को भी लगभग हरी झंडी मिल गई है, जिसकी बीसीसीआई ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 26 सितंबर से सात नवंबर के बीच कराने की तैयारी शुरू कर दी थी। ICC के मुताबिक, ICC T20 विश्व कप 2020 में न होकर बल्कि अब 2021 में अक्टूबर से नवंबर के बीच खेला जाएगा। इसका फाइनल 14 नवंबर 2021 में होगा।
वहीं, ICC T20 विश्व कप 2022 अक्टूबर से नवंबर के बीच होगा, जिसका फाइनल 13 नवंबर को होगा। इसके अलावा ICC ने भारत में होने वाले वनडे विश्व कप 2023 का भी कार्यक्रम कुछ महीने आगे बढ़ा दिया है। यह विश्व कप अब भारत में अक्टूबर से नवंबर के बीच होगा, जिसका फाइनल मुकाबला 26 नवंबर को खेला जाएगा। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि 2021 और 2022 T20 विश्व कप कहां खेले जाएंगे।
ICC से जुड़े सूत्रों की मानें तो ICC ने कोरोना को देखते हुए अपने विकल्प खोले रखे। 2021 T20 विश्व कप का आयोजन भारत में होना है, लेकिन 2020 का टूर्नामेंट रद होने के बाद ICC 2021 की जगह 2022 की मेजबानी के लिए भी भारत को मनाना चाहता है, जिसकी वजह से अभी मेजबानी की अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, 2021 फरवरी में न्यूजीलैंड में खेला जाने वाला ICC महिला वनडे विश्व कप तय समय पर खेला जाएगा।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया में बढ़ते कोविड-19 के प्रसार के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही इस आगामी टूर्नामेंट की मेजबानी को लेकर संदेह जता दिया था। इसके बाद सभी की निगाहें ICC पर आकर टिक गई थीं। कई महीनों तक ICC इस अहम फैसले को टालती दिखी। एशिया कप के स्थगित होने के बाद विश्व संस्था पर इस आयोजन को टालने का दबाव बढ़ गया था। ऐसे में सोमवार 20 जुलाई को बोर्ड ने टी20 विश्व कप को इस साल कैंसिल कर दिया।