इलाहाबाद : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यसमिति की यहां 12 और 13 जून को होने वाली बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अगले साल होने वाले चुनाव में जीत की रणनीति के साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। संगम तीरे होने वाले भाजपा की कार्यसमिति के साथ ही कांग्रेस ने भी आगामी 19 नवम्बर से पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत इन्दिरा गांधी की जन्मशताब्दी समारोह यहीं से मनाने जा रही है।
श्री मोदी की कार्यसमिति के बैठक के दूसरे और अन्तिम दिन जनसभा होगी। बैठक में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। उत्तर प्रदेश में पांच साल बाद पहली बार भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है। उत्तराखण्ड, पंजाब और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यसमिति की बैठक में रणनीति बनायी जा सकती है। राज्य विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें कई केन्द्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और राज्यों के मंत्रियों समेत 450 प्रतिनिधियों के भाग लेने की सम्भावना है। इससे पहले जून 2011 में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुई थी जिसमें श्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रुप में भाग लिया था।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और इलाहाबाद जिले की फूलपुर सीट से सांसद केशव प्रसाद मौर्या ने “यूनीवार्ता” को बताया कि कार्यसमिति की बैठक की पुरजोर तैयारियां चल रही हैं। केपी कालेज के मैदान में एक बडा पण्डाल लगाया जा रहा है।
श्री मोदी के सम्भावित रैली स्थल परेड ग्राउण्ड पर भी तैयारियों को अन्तिम रुप दिया जाना शुरु कर दिया गया है। तैयारियों की खुद समीक्षा कर रहे श्री मौर्य ने कहा कि श्री मोदी की रैली में दो लाख से अधिक लोगों के आने की सम्भावना है। इसीलिए परेड ग्राउण्ड का चयन किया गया है। श्री मौर्य ने कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव में 265 प्लस की जीत का लक्ष्य लेकर चल रही है। इससे पहले कल पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने दोनो आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया था। श्री शाह ने मोदी सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इलाहाबाद में ही किसान सम्मेलन को सम्बोधित किया था।
श्री शाह चार जून को कानपुर में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करने के बाद उसी दिन पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चे के लखनऊ में होने वाली बैठक में हिस्सा लेंगे। वह कासगंज में सात जून को कार्यकर्ताओं की बैठक को भी सम्बोधित करेंगे।
दूसरी ओर पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत श्रीमती इन्दिरा गांधी के जन्मशताब्दी समारोह की शुरुआत भी 19 नवम्बर से इलाहाबाद के ऐतिहासिक आनन्द भवन से की जायेगी। देश के विभिन्न हिस्सों में मनाये जाने वाले इस समारोह का उद्घाटन कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी करेंगी।
राजनीतिक विश्लेषक इसे कांग्रेस की विधानसभा चुनाव की तैयारी मानकर चल रहे हैं।