लाहौर/इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि कश्मीर भारत का आंतरिक मुद्दा नहीं है, और जनमत संग्रह कराने की मांग की। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान सरकार की ओर से घाटी के लोगों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए आयोजित ‘काला दिवस’ को लोगों की ठंडी प्रतिक्रिया मिली है।
शरीफ ने अपने संदेश में कहा, ‘कश्मीरियों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए हम काला दिवस मना रहे हैं और विश्व को एक बड़ा संदेश दे रहे हैं कि अधिकारों को हासिल करने के उनके (कश्मीरियों) संघर्ष में पाकिस्तानी उनके साथ हैं।’ उन्होंने कहा, ‘भारत ताकत के दम पर कश्मीरियों की आवाज को नहीं दबा सकता क्योंकि अंतत: उन्हें आजादी मिलेगी। संयुक्त राष्ट्र ने कश्मीर को एक विवादित क्षेत्र घोषित किया हुआ है और भारत को कश्मीरियों के अधिकारों का सम्मान करते हुये जनमत संग्रह कराना चाहिए। कश्मीर मुद्दे को भारत का अंदरूनी मामला बताया जाना तर्कपूर्ण नहीं है।’ शरीफ ने आरोप लगाया कि भारत कश्मीर में मानवाधिकारों का उल्लंघन कर रहा है जो वैश्विक समुदाय के लिए बहुत चिंता का विषय है। उन्होंने पूर्व में सभी संबंधित विभागों से अंतरराष्ट्रीय मंच पर कश्मीर मुद्दा उठाने का निर्देश दिया था।