टोक्यो: जापान में मानसिक रूप से अक्षम लोगों के एक देखभाल केंद्र पर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अग्निशमन विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि तोक्यो से 50 किलोमीटर दूर सागामिहारा शहर में हुए इस हमले में 25 अन्य लोग घायल हो गए हैं जिनमें से 20 की हालत गंभीर है। 26 वर्षीय हमलावर बाद में पुलिस थाने पहुंचा और उसने अधिकारियों के सामने स्वीकार किया, ‘मैंने यह किया है।’ उसने बताया कि वह केंद्र का एक पूर्व कर्मी था।
पुलिस ने बताया कि उन्हें देर रात करीब ढाई बजे सुकुई यामायुरी-एन केंद्र से फोन के जरिए सूचना मिली थी कि चाकू लिए एक व्यक्ति केंद्र में प्रवेश कर रहा है। ‘असाही शिम्बुन’ समाचार पत्र ने पुलिस के हवाले से बताया कि संदिग्ध ने कहा, ‘सभी निशक्तजन खत्म हो जाने चाहिए।’ अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा, ‘चिकित्सकों ने 19 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।’